49837

Sports:- भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड टीम का ऐलान, हैरी ब्रूक बने कप्तान, युवा ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को पहली बार मौका

खबर को शेयर करें
49837

लंदन : इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने भारत के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए 17 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। इंग्लैंड की कमान युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक को सौंपी गई है, जबकि टीम में कई अनुभवी खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा युवा ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को पहली बार इंग्लैंड की सीनियर टी20 टीम में जगह मिली है।

भारत के खिलाफ होने वाली इस अहम सीरीज के लिए इंग्लैंड ने मजबूत और संतुलित टीम का चयन किया है। टीम में जोस बटलर, फिल सॉल्ट, सैम करन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद और विल जैक्स जैसे अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। इंग्लैंड को उम्मीद है कि घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर वह भारतीय टीम को कड़ी चुनौती देगी।

इस बीच भारतीय टीम का भी ऐलान किया जा चुका है। भारतीय टी20 टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है। दोनों टीमों के बीच जुलाई में पांच मैचों की रोमांचक टी20 सीरीज खेली जाएगी, जिसका इंतजार क्रिकेट प्रशंसकों को बेसब्री से है।

इंग्लैंड की टीम में सबसे चर्चित नाम युवा ऑलराउंडर जेम्स कोल्स का है, जिन्हें पहली बार सीनियर टीम में मौका मिला है। 21 वर्षीय कोल्स ने घरेलू क्रिकेट और इंग्लैंड लॉयंस के लिए शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा है। टी20 क्रिकेट में उन्होंने अब तक 61 पारियों में 28.60 की औसत और 146.37 के स्ट्राइक रेट से 1373 रन बनाए हैं। उनके नाम सात अर्धशतक भी दर्ज हैं।

गेंदबाजी में भी जेम्स कोल्स ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। बाएं हाथ के स्पिनर कोल्स ने 53 विकेट अपने नाम किए हैं और उनकी इकोनॉमी 8.27 रही है। उन्होंने महज 16 साल और 157 दिन की उम्र में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पदार्पण किया था और अब उन्हें इंग्लैंड की सीनियर टीम में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है।

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 1 जुलाई को चेस्टर-ली-स्ट्रीट में खेला जाएगा। दूसरा मैच 4 जुलाई को मैनचेस्टर, तीसरा 7 जुलाई को नॉटिंघम, चौथा 9 जुलाई को ब्रिस्टल और पांचवां तथा अंतिम मुकाबला 11 जुलाई को साउथैंप्टन में आयोजित होगा।

भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड की टीम :
हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सन्नी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जोश टोंग और ल्यूक वुड।