पुराना स्मार्टफोन बेचने से पहले बरतें सावधानी, सिर्फ फैक्ट्री रीसेट नहीं है काफी; डेटा सुरक्षा के लिए अपनाएं ये दो जरूरी उपाय

Tech desk: नए स्मार्टफोनों की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच सेकंड हैंड मोबाइल की मांग तेजी से बढ़ रही है। हालांकि, पुराना स्मार्टफोन बेचते समय अधिकांश लोगों को अपने निजी डेटा की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। एक हालिया सर्वे के अनुसार भारत में करीब 70 प्रतिशत लोग डेटा प्राइवेसी के डर से अपना पुराना फोन बेचने से बचते हैं।
सेकंड हैंड स्मार्टफोन प्लेटफॉर्म कैशिफाई द्वारा 8,000 यूजर्स पर किए गए सर्वे में करीब 45 प्रतिशत लोगों ने माना कि फोन बेचते समय उनके लिए डेटा सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता होती है। विशेषज्ञों का कहना है कि केवल फैक्ट्री रीसेट कर देना पर्याप्त नहीं है क्योंकि तकनीकी जानकारी रखने वाले लोग कुछ परिस्थितियों में डिलीट किए गए डेटा को रिकवर कर सकते हैं।
फोन को बेचने से पहले सबसे पहले उसका पूरा बैकअप सुरक्षित स्थान पर ले लें। इसके बाद किसी भरोसेमंद जंक क्लीनर ऐप जैसे AVG या Norton की मदद से फोन की पूरी क्लीनिंग करें। इससे अस्थायी फाइलें और अनावश्यक डेटा हट जाएगा।
फैक्ट्री रीसेट के बाद फोन को दोबारा चालू करें और बिना अपना व्यक्तिगत ईमेल अकाउंट जोड़े इंटरनेट से कनेक्ट करें। इसके बाद कुछ सामान्य गतिविधियां करें जैसे इंटरनेट ब्राउजिंग गूगल सर्च या पीडीएफ फाइल खोलना। इससे फोन में नया डेटा तैयार होगा और पहले मौजूद डेटा के अवशेष ओवरराइट हो जाएंगे जिससे उन्हें रिकवर करना बेहद मुश्किल हो जाएगा।
विशेषज्ञों के मुताबिक स्मार्टफोन बेचने से पहले इन अतिरिक्त कदमों को अपनाकर यूजर्स अपनी निजी तस्वीरें दस्तावेज बैंकिंग जानकारी और अन्य संवेदनशील डेटा को सुरक्षित रख सकते हैं। थोड़ी सी सावधानी भविष्य में होने वाली किसी भी डेटा चोरी या दुरुपयोग की आशंका को काफी हद तक कम कर सकती है।

