JHARKHAND NEWS :30 जून से घर-घर पहुंचेगी बीएलओ टीम, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की तैयारियां तेजपोटका

JHARKHAND : झारखंड में आगामी 30 जून से शुरू होने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पोटका की एईआरओ सह अंचल अधिकारी (सीओ) निकिता बाला और बीडीओ अरुण कुमार मुंडा ने सोमवार को प्रखंड सभागार में बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के साथ दो पालियों में बैठक कर अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में निकिता बाला ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिहीन पारदर्शी और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से सभी बूथों पर घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 30 जून से शुरू होकर 29 जुलाई तक संचालित होगा। उन्होंने बताया कि राज्य में मतदाताओं की पिछले गहन पुनरीक्षण की सूची से मैपिंग का कार्य भी शुरू कर दिया गया है ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए।
एईआरओ ने कहा कि एसआईआर अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बीएलओ की घर-घर दस्तक होगी। बीएलओ प्रत्येक घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करेंगे उसे भरवाकर वापस प्राप्त करेंगे तथा मतदाताओं सेसंबंधित जानकारियों का सत्यापन करेंगे।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक घर के बाहर एक विशेष स्टिकर भी लगाया जाएगा जिस पर घर संख्या के साथ संबंधित बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर अंकित रहेगा।
इससे आम नागरिकों को मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे अपने बीएलओ से संपर्क करने में सुविधा होगी।निकिता बाला ने सभी बीएलओ को जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग का लक्ष्य एक सटीक एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है। बैठक के प्रथम सत्र में पोटका विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 105 से 193 तक के बीएलओ उपस्थित रहे।

