जमशेदपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी तेज, बीएलओ और पर्यवेक्षकों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

जमशेदपुर: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को सफल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने, पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार टाउन हॉल, सिदगोड़ा एवं आरवीएस स्कूल, डिमना में किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन तथा झारखंड के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण के महत्व एवं इसकी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान गणना प्रपत्र भरवाए जाएंगे, आवश्यक दस्तावेज एकत्र किए जाएंगे तथा नागरिकों को नाम जोड़ने, संशोधन कराने और निर्वाचन संबंधी अन्य प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
प्रशिक्षण में गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों के संकलन, दावे एवं आपत्तियों के निष्पादन तथा ईसीआईनेट (ECINet) के माध्यम से ऑनलाइन प्रविष्टि की जानकारी भी विस्तार से दी गई। अधिकारियों ने सभी बीएलओ और पर्यवेक्षकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों को पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर धालभूम के एसडीएम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, मास्टर ट्रेनर, बीएलओ पर्यवेक्षक एवं बड़ी संख्या में बीएलओ उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने की अपील की है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए।

