49497

चक्रधरपुर में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित, पुलिस बोली- 112 पर सूचना दें, 10 मिनट में पहुंचेगी मदद…

खबर को शेयर करें
49497

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना परिसर में सोमवार को पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) के सचिव रवि चौधरी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. सय्यद मुस्तफा हाशमी, प्रखंड विकास पदाधिकारी कंचन मुखर्जी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डालसा सचिव रवि चौधरी ने लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता और अन्य सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को न्याय दिलाने के लिए डालसा हर संभव मदद प्रदान करता है।

एसडीपीओ डॉ. सय्यद मुस्तफा हाशमी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग से ही समाज में शांति और कानून व्यवस्था मजबूत हो सकती है। उन्होंने लोगों से किसी भी आपराधिक घटना, दुर्घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर देने की अपील की। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम लगभग 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति की शिकायत पर थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होती है तो वह थाने में लगी शिकायत पेटिका में आवेदन डाल सकता है। शिकायतों की सीधे समीक्षा कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

एसडीपीओ ने बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता जताते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को बचाने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना होगा। उन्होंने लोगों से नशा उन्मूलन अभियान में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न थाना प्रभारियों और अधिकारियों ने मानव तस्करी, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध, अवैध अफीम खेती, बाल विवाह, महिला सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया। साथ ही सर्पदंश की स्थिति में अंधविश्वास से बचकर तत्काल अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई।

जनसुनवाई के दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी दी गई।