6 महीने से वेतन नहीं मिलने पर NHM कर्मियों की हड़ताल, स्वास्थ्य सेवाएं हुईं प्रभावित

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों ने छह महीने से लंबित वेतन के भुगतान की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के पहले दिन सीएचओ, बीटी, एएनएम, जीएनएम समेत प्रखंड और जिला स्तर के 200 से अधिक कर्मी धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि पिछले छह महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण वे गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। घर का खर्च चलाना, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। कई बार अधिकारियों से मांग करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर कर्मचारियों ने हड़ताल का रास्ता अपनाया।
कर्मचारियों ने सिविल सर्जन डॉ. जुझार मांझी से मुलाकात कर बकाया वेतन भुगतान और वेतन वृद्धि समेत अन्य मांगें रखीं। इस पर सिविल सर्जन ने बताया कि रांची कार्यालय में जिले का पोर्टल खोलने में तकनीकी समस्या आ रही है जिसके कारण वेतन भुगतान में देरी हो रही है। उन्होंने जल्द समस्या का समाधान कर भुगतान कराने का आश्वासन दिया।
कर्मचारियों की हड़ताल के कारण जिले की कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने लगी हैं। मलेरिया, फाइलेरिया और पल्स पोलियो जैसे राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर असर पड़ रहा है। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच और दवा वितरण जैसी आवश्यक सेवाएं भी बाधित हो रही हैं, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आंदोलनकारी कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है। वहीं जिला प्रशासन तकनीकी बाधाओं को दूर कर जल्द वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के प्रयास में जुटा हुआ है।

