Breaking:- लखनऊ के अलीगंज में भीषण अग्निकांड, 13 लोगों की जिंदा जलकर मौत, कई के फंसे होने की आशंका

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक इमारत में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। इस दर्दनाक अग्निकांड में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई अन्य लोगों के इमारत में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। बचाव दल धुएं और आग के बीच इमारत के हर हिस्से की जांच कर फंसे लोगों की तलाश में जुटा है। वहीं एंबुलेंस और चिकित्सा टीमों को भी घटनास्थल पर तैनात किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
शुरुआती जानकारी में इमारत में कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी संचालित होने की बात कही गई थी लेकिन बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की जांच में अलग तथ्य सामने आए। अधिकारियों के अनुसार इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक पेट शॉप संचालित हो रही थी जबकि ऊपरी मंजिल पर गेमिंग जोन चल रहा था। यहां कर्मचारी गेमिंग सॉफ्टवेयर से जुड़े कार्य कर रहे थे।
फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है क्योंकि कई लोगों के अब भी अंदर फंसे होने की संभावना है। पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।

