रामगढ़ में CCL कर्मचारी 5 हजार रुपये रिश्वत लेते CBI के हत्थे चढ़ा, रंगेहाथ गिरफ्तार

रामगढ़ जिले के बरका-सयाल क्षेत्र में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सीसीएल (CCL) के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान अरुण सिन्हा के रूप में हुई है, जो सीसीएल के सौंदा रीजनल स्टोर में कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई को अरुण सिन्हा के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले का सत्यापन कराया और फिर ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के तहत सीबीआई की टीम ने आरोपी को उस समय दबोच लिया, जब वह एक मजदूर से 5 हजार रुपये रिश्वत की राशि ले रहा था।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए उसके ठिकानों पर भी जांच की गई और आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई।
सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने किस काम के बदले रिश्वत मांगी थी और इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। घटना के बाद सीसीएल क्षेत्र में इस कार्रवाई की चर्चा जोरों पर है।

