नीतिश कुमार से मिले जमशेदपुर के जदयू नेता, संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री से जदयू के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने पटना में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संगठन के विस्तार, जनसंपर्क अभियान तथा पार्टी की विभिन्न गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
जानकारी के अनुसार, सुबोध श्रीवास्तव और अजय कुमार 21 जून को पटना में आयोजित जदयू की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक के उपरांत उन्हें पार्टी के शीर्ष नेता नीतिश कुमार से मिलने का अवसर मिला। नेताओं ने जमशेदपुर महानगर और पूर्वी सिंहभूम जिले में संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए पार्टी के विस्तार संबंधी कार्यों से अवगत कराया।
राष्ट्रीय परिषद की बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक में देशभर से आए प्रतिनिधियों और सदस्यों ने सर्वसम्मति से नीतिश कुमार के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए उन्हें पुनः जनता दल यूनाइटेड का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने का अनुमोदन किया।
मुलाकात के दौरान जदयू के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र तिवारी भी मौजूद रहे। नेताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा जनहित के मुद्दों पर पार्टी की भूमिका को और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया।
जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि नीतिश कुमार के नेतृत्व में जदयू लगातार मजबूत हो रही है और विकास, सामाजिक न्याय तथा जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।

