JHARKHAND : कोडरमा में फिर घुसा हाथियों का झुंड, आधा दर्जन से अधिक घर और स्कूल का गेट तोड़ा; ग्रामीणों में दहशत

KODERMA : कोडरमा जिले में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। बीती रात डोमचांच थाना क्षेत्र के गोलगो गांव में हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया वहीं एक विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार दो दिन पहले भी हाथियों के इसी झुंड को सतगांवां थाना क्षेत्र के जंगलों और कोडरमा थाना क्षेत्र के मेघातरी गांव के आसपास देखा गया था। इसके बाद झुंड गोलगो गांव पहुंच गया जहां रात के समय हाथियों ने कई मकानों को नुकसान पहुंचाया।
ग्रामीणों का कहना है कि गोलगो गांव चारों ओर से जंगलों से घिरा हुआ है जिसके कारण हाथियों का गांव में प्रवेश करना आसान हो जाता है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा देने और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। विभाग के कर्मी हाथियों के झुंड को आबादी वाले इलाके से बाहर खदेड़ने में जुटे हुए हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों के करीब न जाने की अपील की है। बताया जा रहा है कि बीती रात हाथियों का झुंड गोलगो गांव से सटे ढोढाकोला गांव की ओर बढ़ता हुआ देखा गया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार हाथियों के झुंड को कई बार कोडरमा से सटे बिहार के जंगलों की ओर खदेड़ा गया है लेकिन कुछ समय बाद वे फिर इसी क्षेत्र में लौट आते हैं। विभाग का मानना है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए हाथियों को किसी सुरक्षित वन क्षेत्र में पुनर्वासित करने की आवश्यकता है।
गौरतलब है कि पिछले दो वर्षों में हाथियों के झुंड ने कोडरमा जिले के कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है। इन घटनाओं में लोगों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है, जबकि दर्जनों लोगों की जान भी जा चुकी है। लगातार बढ़ रहे हाथी-मानव संघर्ष ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।


