JHARKHAND NEWS : चतरा में पुलिस और अपहरणकर्ताओं के बीच मुठभेड़, 6 अपहृत ग्रामीण सुरक्षित मुक्त; 5 आरोपी गिरफ्तार

CHATRA : चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हडगड़ी जंगल में पुलिस और अपहरणकर्ताओं के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए छह अपहृत ग्रामीणों को सुरक्षित मुक्त करा लिया। इस दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से हथियार लूटे गए मोबाइल फोन समेत कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 18 जून की रात करीब 10:30 बजे हथियारबंद अपराधियों ने तेलियाडीह और गोवदा गांव में धावा बोलकर छह ग्रामीणों का अपहरण कर लिया था। इसके बाद अपहृत लोगों को जंगल में ले जाया गया। अपराधियों ने परिजनों को फोन कर खुद को एमसीसी (MCC) का सदस्य बताते हुए एक लाख रुपये की फिरौती की मांग की और रकम नहीं मिलने पर बंधकों की हत्या करने की धमकी दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी मिलते ही चतरा पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के निर्देश पर सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने देर रात ही हडगड़ी जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
सर्च अभियान के दौरान जब पुलिस टीम अपराधियों के ठिकाने के करीब पहुंची तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी होती रही। पुलिस की घेराबंदी और दबाव बढ़ता देख अपराधियों ने छहों बंधकों को वहीं छोड़ दिया और जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भाग रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रमेश कुमार गंझू और सतीश कुमार गंझू की पहचान हुई है जो टंडवा थाना क्षेत्र के हेसातु गांव स्थित लेम्बोडीह टोला के निवासी बताए जा रहे हैं। इसके अलावा तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ जारी है।
पुलिस ने जिन छह ग्रामीणों को सुरक्षित मुक्त कराया है उनमें विनोद साव महेंद्र साव संतोष साव प्रदीप साव बिंदु देवी और सोनी देवी शामिल हैं। पुलिस अब इस अपहरण कांड में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने देशी हथियार पिस्टल जैसा दिखने वाला लाइटर चाकू लूटे गए मोबाइल फोन समेत कई सामान बरामद किए हैं। पुलिस का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और फरार अपराधियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

