JHARKHAND: जमशेदपुर के युवक की नदी में डूबने से मौत, दोस्तों के साथ नहाने गया था

Jamshedpur/Seraikela-Kharsawan: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित पुड़ीसिल्ली में शनिवार को नदी में नहाने के दौरान जमशेदपुर के एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।मिली जानकारी के अनुसार मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-14 निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद सलमान पिता मोहम्मद सरफराज अपने दो दोस्तों के साथ पुड़ीसिल्ली स्थित लक्ष्मी ईंट भट्टा के समीप नदी में नहाने गया था।
नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वह देखते ही देखते पानी में लापता हो गया।घटना की सूचना मिलने पर कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं चांडिल इंस्पेक्टर रवि सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की सहायता से नदी में सघन खोज अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया।शव मिलने की सूचना पर मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

जवान बेटे की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण नदी में डूबना बताया जा रहा है।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नदी और जलाशयों में नहाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं प्रशासन ने भी बरसात के मौसम में गहरे पानी वाले क्षेत्रों से दूर रहने और सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने की सलाह दी है।

