सिमडेगा में नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती, एसपी ने NDPS मामलों की समीक्षा कर दिए कड़े निर्देश

सिमडेगा : जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक (SP) श्रीकांत एस. खोटरे ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक की। बैठक में सिमडेगा और टी. टांगर थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान एसपी ने लंबित मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर जोर देते हुए सभी अनुसंधानकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी अवैध भंडारण और बिक्री से जुड़े मामलों की वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित जांच सुनिश्चित की जाए ताकि दोषियों के खिलाफ मजबूत कानूनी कार्रवाई की जा सके।
एसपी ने जब्त मादक पदार्थों के नमूनों की समय पर जांच कराने आरोपियों के खिलाफ ठोस साक्ष्य एकत्र करने तथा शीघ्र आरोप-पत्र दाखिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित छापेमारी और विशेष अभियान चलाने का आदेश देते हुए कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समाज को नशे की इस बुराई से बचाया जा सके।
बैठक में सिमडेगा एसडीपीओ, सर्किल इंस्पेक्टर सिमडेगा एवं टी. टांगर थाना प्रभारी संबंधित अनुसंधानकर्ता तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

