1000262612

JHARKHAND : आंगनबाड़ी केंद्र के अध्ययन दौरे पर पहुंचीं राजनीति विज्ञान की छात्राएं, जमीनी स्तर पर समझीं सरकारी योजनाओं की कार्यप्रणाली

खबर को शेयर करें
1000262612

JAMSHEDPUR : नेचर संस्था द्वारा संचालित इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत राजनीति विज्ञान की छात्राओं ने शनिवार को पश्चिम बागबेड़ा पंचायत के बड़ौदा घाट स्थित स्थानीय आंगनबाड़ी केंद्र का अध्ययन दौरा किया। इस FEILD VISIT का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय प्रशासनिक ढांचे सार्वजनिक नीतियों के क्रियान्वयन तथा महिला एवं बाल विकास से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत से अवगत कराना था।दौरे के दौरान छात्राओं ने एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) योजना की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।

आंगनबाड़ी सेविका रीता पात्रों ने उन्हें बताया कि किस प्रकार गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य टीकाकरण तथा बच्चों में कुपोषण की समस्या को दूर करने के लिए ‘मिशन पोषण’ के तहत विभिन्न सेवाएं प्रदान की जाती हैं।छात्राओं ने केंद्र में बच्चों को दी जाने वाली पूर्व-विद्यालय शिक्षा तथा ‘आधारशिला’ और ‘मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण’ कार्यक्रम के तहत संचालित खेल-आधारित शिक्षण गतिविधियों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्हें यह समझने का अवसर मिला कि आंगनबाड़ी केंद्र पंचायती राज व्यवस्था और स्थानीय स्वशासन से जुड़ी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में किस प्रकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इंटर्नशिप समन्वयक डॉ. कविता परमार ने कहा कि राजनीति विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित विषय नहीं है।

उन्होंने कहा जन-कल्याणकारी नीतियों और प्रशासनिक तंत्र के बीच संबंध को समझने के लिए छात्राओं को ऐसे व्यावहारिक प्रशिक्षण की आवश्यकता है जिससे वे नीतियों के वास्तविक प्रभाव को करीब से देख सकें।छात्राओं ने इस अनुभव को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस प्रकार की फील्ड विजिट उन्हें भविष्य में बेहतर नीति-निर्माता और जागरूक नागरिक बनने में मदद करेगी।इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका एवं सहायिका के अलावा इंटर्नशिप समन्वयक डॉ. कविता परमार, पंचायत समिति सदस्य मनीषा हाईब्रू तथा वार्ड सदस्य रूपा सिंह भी उपस्थित थीं।