JHARKHAND : लोहरदगा में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की मौत

लोहरदगा: जिले के लोहरदगा-गुमला मुख्य मार्ग पर मिशन चौक के समीप शुक्रवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बरवाटोली निवासी स्वर्गीय मुकेश साहू के पुत्र रोहित साहू अपनी बहनों सपना कुमारी और सृष्टि कुमारी के साथ स्कूटी से सेन्हा रोड स्थित तेली धर्मशाला में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान मिशन चौक के पास सेन्हा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बॉक्साइट ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी और तीनों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को ट्रक के नीचे से निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सपना कुमारी और सृष्टि कुमारी को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल रोहित साहू को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया। हालांकि रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ-साथ मामले की जांच में जुट गई है।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से बरवाटोली सहित पूरे लोहरदगा में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है जबकि स्थानीय लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।

