JHARKHAND :पांच दिन से लापता 12 वर्षीय शीतल का शव कुएं में मिला, परिवार में मचा कोहराम

Koderma: कोडरमा के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलवाढाब गांव से पांच दिन पहले लापता हुए 12 वर्षीय शीतल कुमार का शव शुक्रवार सुबह एक कुएं से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार गोलवाढाब गांव निवासी वीरेंद्र यादव का पुत्र शीतल कुमार रविवार शाम से लापता था।
परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर डोमचांच थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस और परिजन लगातार उसकी खोजबीन में जुटे थे।शुक्रवार सुबह डोमचांच थाना क्षेत्र के बगड़ो गांव से सटी मेघना पहाड़ी स्थित एक कुएं में शीतल का शव देखा गया। ग्रामीणों ने कुएं में शव तैरता देख इसकी सूचना आसपास के लोगों और परिजनों को दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान शीतल कुमार के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया।सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।स्थानीय लोगों का अनुमान है कि शीतल संभवतः भटकते हुए उस इलाके तक पहुंच गया होगा और दुर्घटनावश कुएं में गिर गया होगा।
हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।शीतल कुमार दो भाइयों में बड़ा था और गांव के समीप स्थित विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है वहीं गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।

