जमशेदपुर: मानगो की समस्याओं को लेकर जदयू ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं ने मानगो क्षेत्र की कई समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग की।
जदयू ने कहा कि मानगो के कई इलाकों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। कहीं बहुत कम समय के लिए पानी आता है तो कहीं पानी का दबाव इतना कम रहता है कि लोगों तक ठीक से पहुंच ही नहीं पाता। इससे लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पार्टी ने क्षेत्र में कचरा उठाव की खराब व्यवस्था पर भी चिंता जताई। नेताओं का कहना है कि कई जगहों पर समय पर कचरा नहीं उठाया जाता, जिससे गंदगी बढ़ रही है और बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
इसके अलावा नालियों की सफाई, सड़क और मोहल्लों की नियमित सफाई तथा खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत की मांग भी की गई। जदयू ने जरूरत वाले स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने की भी मांग की।
पार्टी नेताओं ने नगर आयुक्त से कहा कि इन समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, ताकि मानगो के लोगों को राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान जदयू के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

