चाकुलिया में पांच दिवसीय चड़क पूजा संपन्न, भक्तों ने अंगारों पर चलकर दिखाई शिव भक्ति

चाकुलिया के पुराना बाजार स्थित चंद्रेश्वर शिव मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय चड़क पूजा का समापन शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। पूजा के अंतिम दिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटे और भक्तों की अनोखी भक्ति का नजारा देखा।
पूजा की शुरुआत भक्तों ने तालाब में स्नान कर की। इसके बाद वे पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए मंदिर पहुंचे और भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। कई भक्तों ने जीभ में कील धारण की, जबकि कुछ भक्त रस्सी के सहारे विशेष धार्मिक अनुष्ठान करते हुए मंदिर पहुंचे। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच पूरा माहौल शिवमय हो गया।
अनुष्ठान के दौरान कई भक्तों ने जलते अंगारों पर नंगे पांव चलकर भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था और विश्वास का प्रदर्शन किया। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
मंदिर के पुजारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी अनुष्ठानों को संपन्न कराया। पांच दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन का समापन श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उत्साह के साथ हुआ।


