जमशेदपुर: प्रधानमंत्री आवास योजना से 340 परिवारों का घर का सपना हुआ पूरा

जमशेदपुर के बिरसानगर में शुक्रवार का दिन 340 परिवारों के लिए खुशियों भरा रहा। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बने नए फ्लैटों की चाबी लाभार्थियों को सौंपी गई। अपने नए घर में प्रवेश करते समय लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
गृह प्रवेश कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू शामिल हुए। वहीं, झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदीव्य कुमार ने ऑनलाइन जुड़कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद सभी परिवारों ने पूजा-पाठ कर अपने नए घर में प्रवेश किया।
इस आवासीय परियोजना में कुल 644 फ्लैट बनाए गए हैं। फिलहाल पहले चरण में 340 परिवारों को घर की चाबी दी गई है। बाकी लोगों को जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले चरण में फ्लैट दिए जाएंगे।
नया घर मिलने के बाद कई परिवारों की खुशी देखते ही बन रही थी। लोगों ने बताया कि वे लंबे समय से किराए के मकानों में रह रहे थे और अपने घर का इंतजार कर रहे थे। अब उनका यह सपना पूरा हो गया है।
लाभार्थियों ने कहा कि कम कीमत में अपना घर मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है। अब वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मान के साथ नई जिंदगी की शुरुआत कर सकेंगे।

