43732

जमशेदपुर यातायात पुलिस की कार्यशैली और सड़क सुरक्षा को लेकर समाज सेवक मोहम्मद तहसीन हाशमी ने SSP और DC को सौंपा ज्ञापन

खबर को शेयर करें
43732

जमशेदपुर में बढ़ती यातायात समस्याओं, सड़क सुरक्षा और यातायात पुलिस की कार्यशैली को लेकर समाज सेवक मोहम्मद तहसीन हाशमी ने शुक्रवार को उपायुक्त (DC) और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग की।

उपायुक्त को दिए गए ज्ञापन में शहर की जर्जर सड़कों और गड्ढों की जल्द मरम्मत कराने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड, स्पीड लिमिट संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की गई है। इसके अलावा मुख्य सड़कों और चौराहों पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, जाम प्रभावित क्षेत्रों का स्थायी समाधान तथा सड़क सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाने की मांग भी रखी गई है।

वहीं SSP को सौंपे गए ज्ञापन में यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने की मांग की गई है। मोहम्मद तहसीन हाशमी ने कहा कि सभी चालान और जुर्माने की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होनी चाहिए तथा राशि सीधे सरकारी खाते में जमा हो। उन्होंने यातायात जांच को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराने, पुलिस की कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा करने और आवासीय क्षेत्रों में अनावश्यक वाहन जांच से बचने की मांग की।

ज्ञापन में बाहरी राज्यों से आने वाले वाहन चालकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखने की भी मांग की गई है। उन्होंने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल करने का अनुरोध किया है।