जमशेदपुर: कदमा में युवक पर हमला, पिस्टल की बट से सिर फोड़ा, चेन छीनने का आरोप

जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना सोनारी ऑटो स्टैंड के पास की बताई जा रही है, जहां कुछ युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट की। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान साकची निवासी कुणाल कुमार के रूप में हुई है। कुणाल ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ एक दुकान पर चाय पी रहा था। इसी दौरान साकिब और राहुल तिवारी नाम के दो युवक वहां पहुंचे और उससे बहस करने लगे। बात बढ़ने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
कुणाल का आरोप है कि मारपीट के दौरान एक आरोपी ने पिस्टल की बट से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसके सिर में गहरी चोट लग गई और काफी खून बहने लगा। वहीं दूसरे आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि हमले के दौरान उसके गले से सोने की चेन भी छीन ली गई। किसी तरह वह वहां से निकलकर सुरक्षित जगह पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद कदमा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


