40729 1

JAMSHEDPUR: मानगो के बालीगुमा में देर रात फायरिंग, युवक की गर्दन को छूते हुए निकली गोली, MGM में इलाज जारी

खबर को शेयर करें
40729 1

जमशेदपुर में मंगलवार देर रात एक बार फिर फायरिंग की घटना सामने आई है। मानगो के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित बालीगुमा में अपराधियों ने एक युवक पर गोली चला दी। गोली युवक की गर्दन को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घायल युवक की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर निवासी देवदास गौड़ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उसके पिता टीएमएच में भर्ती हैं। पिता के लिए दवाई लेने वह जमशेदपुर आया था और संकोसाई स्थित अपने एक दोस्त के घर रुका हुआ था। दिनभर का काम पूरा करने के बाद देर रात उसका दोस्त उसे बालीगुमा होते हुए घर छोड़ने जा रहा था।

इसी दौरान बालीगुमा इलाके में दो युवक वहां पहुंचे और फायरिंग कर दी। इस घटना में गोली देवदास की गर्दन को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद उसका दोस्त ही उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल युवक से पूछताछ की। वहीं, युवक ने पुलिस को बताया कि उस पर गोली चलाने वाले लोगों के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फायरिंग के कारणों तथा आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।