जमशेदपुर: परसूडीह सड़क हादसे में युवक की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर घंटों जाम

जमशेदपुर के परसूडीह इलाके में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में सलगाजुड़ी के रहने वाले 25 वर्षीय सुमित मुंडा की मौत हो गई। सुमित टाटा मोटर्स में ट्रेनिंग कर रहा था और रोज की तरह सुबह बाइक से काम पर जा रहा था।
रास्ते में एक तेज रफ्तार हाइवा ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुमित की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग और गांव के लोग गुस्से में आ गए। उन्होंने सड़क पर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। लोगों ने सुमित के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा देने और इलाके में भारी वाहनों के आने-जाने पर रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर रोज तेज रफ्तार में बालू लदे ट्रक और हाइवा चलते हैं, जिससे अक्सर हादसे होते हैं। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन मुआवजे को लेकर काफी देर तक बात नहीं बन सकी। सड़क करीब सात घंटे तक जाम रही, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई।


