विश्व रक्तदाता दिवस पर “जन सेवा संघ ट्रस्ट” को मिला नेशनल ब्लड डोनर अवार्ड 2026…

विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून को कोलकाता के सोडपुर में आयोजित एक सम्मान समारोह में जन सेवा संघ ट्रस्ट को “नेशनल ब्लड डोनर अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान रक्तदान और पशु सेवा के क्षेत्र में संस्था द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

साई वेलफेयर डेवलपमेंट ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पानिहाटी की विधायक रत्ना देवनाथ ने जन सेवा संघ ट्रस्ट को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने रक्तदान और पशु सेवा जैसे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए लोगों से भी ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
जन सेवा संघ ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से रक्तदान शिविरों का आयोजन कर रहा है। इसके अलावा संस्था जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने और आवारा पशुओं की देखभाल व सेवा का कार्य भी लगातार कर रही है।
समारोह में संस्था की ओर से सूरज कुमार और विशाल कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने इस सम्मान के लिए आयोजक संस्था और विधायक का आभार व्यक्त किया तथा इसे समाज सेवा के क्षेत्र में आगे बेहतर कार्य करने की प्रेरणा बताया।


