IMG 8859

जमशेदपुर: टेंपो किराया बढ़ा, अब यात्रियों को देना होगा ज्यादा पैसा

खबर को शेयर करें
IMG 8859

जमशेदपुर में टेंपो से सफर करने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर है। बढ़ती महंगाई और डीजल-सीएनजी के बढ़े खर्च को देखते हुए टेंपो चालकों ने किराया बढ़ा दिया है। नई किराया सूची जारी कर दी गई है, जो तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है। कई रूटों पर किराया 5 रुपये तक बढ़ाया गया है।

टेंपो चालक संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले कई सालों से किराए में कोई बदलाव नहीं हुआ था। इस दौरान ईंधन और वाहन रखरखाव का खर्च लगातार बढ़ता गया, जिससे चालकों को परेशानी हो रही थी। इसी कारण किराया बढ़ाने का फैसला लिया गया।

नई दरों के अनुसार साकची से बारीडीह जाने का किराया 10 रुपये ही रहेगा, जबकि साकची से भालूबासा, एग्रीको और सिदगोड़ा का किराया 10 रुपये से बढ़ाकर 15 रुपये कर दिया गया है। साकची से एनएमएल और बागुनहातु का किराया अब 15 रुपये की जगह 20 रुपये देना होगा।

इसी तरह साकची से मानगो चौक, आजाद बस्ती, सोनारी एयरपोर्ट, कदमा टीएमएच और गोलमुरी टिनप्लेट जैसे रूटों का किराया 10 रुपये से बढ़ाकर 15 रुपये कर दिया गया है। वहीं साकची से पारडीह चौक, कपाली टीओपी, कदमा बाजार, नीलडीह, लेबर ब्यूरो और वीमेंस कॉलेज जैसे रूटों पर अब 20 से 25 रुपये तक किराया देना पड़ेगा।

आदित्यपुर और जुगसलाई की ओर जाने वाले यात्रियों पर भी असर पड़ेगा। साकची से जुगसलाई रेलवे स्टेशन का किराया 30 रुपये से बढ़कर 35 रुपये हो गया है, जबकि आदित्यपुर टोल ब्रिज तक जाने के लिए अब 25 की जगह 30 रुपये देने होंगे। गम्हरिया लाल बिल्डिंग तक का किराया 35 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दिया गया है।

इसके अलावा बिष्टुपुर से रेलवे स्टेशन का किराया 20 रुपये से बढ़कर 25 रुपये और जुगसलाई से रेलवे स्टेशन का किराया 10 रुपये से बढ़कर 15 रुपये कर दिया गया है।

किराया बढ़ने से टेंपो चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन रोजाना सफर करने वाले छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों की जेब पर इसका सीधा असर पड़ेगा।