IMG 8816

जमशेदपुर: परसूडीह में युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

खबर को शेयर करें
IMG 8816

जमशेदपुर के परसूडीह इलाके में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मोहन सोरेन के रूप में हुई है, जो कनवाई चालक का काम करता था।

पुलिस के अनुसार, मोहन का आरोपी राजू मुर्मू के घर अक्सर आना-जाना था। इसी बात को लेकर राजू को अपनी पत्नी और मोहन के बीच संबंध होने का शक था। इस वजह से दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था।

मंगलवार देर रात मोहन जब राजू के घर पहुंचा, तो दोनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर राजू ने घर में रखी लोहे की डेगची से मोहन पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से मोहन की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी राजू मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई डेगची और अन्य सामान भी बरामद कर लिए गए हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।