जमशेदपुर: टीएमएच की बैठक में मरीजों की सुविधा बढ़ाने पर चर्चा

टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में सोमवार को एडवाइजरी कमेटी की बैठक हुई। इस बैठक में अस्पताल की सुविधाओं को बेहतर बनाने और मरीजों को होने वाली परेशानियों को कम करने पर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि कई लोग डॉक्टर से मिलने के लिए पहले से स्लॉट बुक कर लेते हैं, लेकिन समय पर इलाज नहीं करवाते इससे दूसरे मरीजों को परेशानी होती है इसलिए ऐसे लोगों पर जुर्माना लगाने का प्रस्ताव रखा गया।
मरीजों को दवा मिलने में कम समय लगे, इसके लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं जरूरत पड़ने पर दवाइयों की होम डिलीवरी की सुविधा देने पर भी विचार किया गया।
अस्पताल में नई तकनीक और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का इस्तेमाल बढ़ाने की बात कही गई, ताकि काम तेजी से हो और मरीजों को बेहतर सेवा मिल सके।
इसके अलावा अस्पताल की पार्किंग व्यवस्था सुधारने और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। बैठक में अस्पताल प्रबंधन, टाटा स्टील, टाटा वर्कर्स यूनियन और कमेटी के कई सदस्य मौजूद थे। सभी ने मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए अपने सुझाव दिए।


