जमशेदपुर : पारिवारिक विवाद में महिला ने लगाए धमकी देने के आरोप, पुलिस से मांगी सुरक्षा

बागुन नगर में रहने वाली एक महिला ने अपनी छोटी बहन पर परेशान करने और धमकी दिलाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वह कई सालों से अपने पैसे और पैतृक संपत्ति में हिस्सा मांग रही है, जिसके कारण उसे और उसके पति को लगातार परेशान किया जा रहा है।
महिला ने बताया कि उसने साल 2015 में अपनी छोटी बहन को 12 लाख 75 हजार रुपये दिए थे। अब वह सिर्फ अपने पैसे वापस मांग रही है। साथ ही वह परिवार के मकान, गोदाम और मां की जमीन में भी अपना हिस्सा चाहती है। महिला का कहना है कि परिवार में पांच बहनें हैं, इसलिए सभी संपत्तियों का बराबर बंटवारा होना चाहिए।
महिला का आरोप है कि कुछ लोग हर दो-तीन दिन में बाइक और हेलमेट पहनकर उनके घर आते हैं और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि वह उन लोगों को पहचान नहीं पाती हैं क्योंकि उनके चेहरे ढके रहते हैं।
महिला के पति के. श्रीनिवास ने कहा कि यह परिवार और संपत्ति से जुड़ा मामला है, जिसे कानूनी तरीके से सुलझाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी की छोटी बहन कुछ लोगों के जरिए उन पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले भी कुछ लोग उनके घर आकर हंगामा कर चुके हैं।
दंपति ने अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासन से मदद मांगी है। उनका कहना है कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और सुरक्षा का भरोसा दिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।


