राज्यसभा चुनाव को लेकर सक्रिय हुआ महागठबंधन, सीएम हेमंत सोरेन से मिले भूपेश बघेल

झारखंड में राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय शर्मा ने शिष्टाचार मुलाकात की।
हालांकि इस मुलाकात को औपचारिक बताया गया, लेकिन बैठक के दौरान आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, महागठबंधन की रणनीति, उम्मीदवारों के समर्थन और चुनावी समीकरणों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
राजनीतिक जानकार इस बैठक को राज्यसभा चुनाव के दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण मान रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही गठबंधन दलों के बीच लगातार समन्वय और संवाद का दौर जारी है।
गौरतलब है कि कांग्रेस आलाकमान ने भूपेश बघेल को झारखंड राज्यसभा चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ऐसे में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ उनकी यह मुलाकात चुनावी तैयारियों और महागठबंधन की रणनीति को लेकर अहम मानी जा रही है।
इस बैठक को महागठबंधन की एकजुटता और चुनावी तालमेल के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।


