25049

Jamshedpur: बिष्टुपुर में दिनदहाड़े ठगी, पुलिसकर्मी बनकर महिला से दो लाख रुपये के सोने के गहने लेकर फरार हुए बदमाश…

खबर को शेयर करें
25049

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर शातिर ठगों ने पुलिसकर्मी बनकर एक महिला को अपना शिकार बना लिया। ठगों ने सुरक्षा का झांसा देकर महिला से करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने उतरवा लिए और चकमा देकर फरार हो गए। घटना के बाद बिष्टुपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार एम रोड स्थित एक क्वार्टर में रहने वाली प्रकाश कौर शनिवार दोपहर एन रोड से पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक ने उन्हें रोककर बताया कि पीछे खड़ा व्यक्ति उन्हें बुला रहा है। जब वह उसके पास पहुंचीं तो उसने खुद को पुलिसकर्मी बताया।

कथित पुलिसकर्मी ने महिला से कहा कि बिष्टुपुर इलाके में हाल ही में हत्या की घटना हुई है और ऐसे माहौल में सोने के गहने पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है। बातचीत के दौरान एक अन्य व्यक्ति भी वहां पहुंचा और भरोसा दिलाने के लिए अपने गले की सोने की चेन निकालकर कथित पुलिसकर्मी को सौंपने का नाटक किया।

दोनों की बातों पर विश्वास कर प्रकाश कौर ने अपने सोने के कंगन और अंगूठी उतार दिए। इसके बाद ठग ने एक कागज निकालकर गहनों को उसमें लपेटकर रखने की सलाह दी।

बातचीत के दौरान आरोपी ने बेहद शातिर तरीके से गहनों वाला कागज बदल दिया और असली गहने लेकर मौके से फरार हो गया। कुछ दूरी जाने के बाद जब महिला ने कागज खोलकर देखा तो उसमें नकली गहने रखे हुए थे। यह देखकर उनके होश उड़ गए।

घटना की जानकारी मिलने पर महिला ने अपने परिजनों को सूचित किया और बाद में पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

पीड़िता के बेटे जगदीप सिंह ने बताया कि ठग करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने लेकर फरार हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।

पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे अजनबियों की बातों में न आएं और स्वयं को पुलिसकर्मी बताने वाले किसी भी व्यक्ति की बात पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें।