24963

Jharkhand: सिमडेगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 37 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से जुड़ा नेटवर्क बेनकाब…

खबर को शेयर करें
24963

अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ सिमडेगा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 37 किलोग्राम गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 4 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमडेगा थाना क्षेत्र के सलडेगा टोंगरी टोली स्थित केलाघाघ डैम के किनारे कुछ लोग गांजा की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

छापामारी दल ने केलाघाघ डैम के समीप पहुंचकर कार्रवाई की जहां से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान सलडेगा निवासी उदित एडिसन मिंज (26), अमित केरकेट्टा (33) तथा ओडिशा के झारसुगुड़ा निवासी रिहातुन रजा अंसारी उर्फ सोनू उर्फ बौना (31) के रूप में हुई।

मौके पर तलाशी लेने पर पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों के साथ 10.245 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसके बाद आरोपियों से गहन पूछताछ की गई।

पूछताछ के दौरान आरोपी उदित एडिसन मिंज ने अपने घर में भी गांजा छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर में छापेमारी की जहां से 26.750 किलोग्राम गांजा और बरामद हुआ। इस तरह पुलिस ने कुल 36.995 किलोग्राम गांजा जब्त किया जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस जांच में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के टांगरगांव निवासी दुलेश्वर आपट से गांजा खरीदकर सिमडेगा और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करते थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दुलेश्वर आपट को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा अब तक कितनी मात्रा में गांजा की सप्लाई की जा चुकी है।

बरामद सामान
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान:
36.995 किलोग्राम गांजा
3 मोबाइल फोन
2 मोटरसाइकिल (हीरो स्प्लेंडर प्लस एवं सीबीजेड एक्सट्रीम)
4,000 रुपये नकद
बरामद किए हैं।

पुलिस ने सभी सामानों को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।