Jamshedpur: मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड में CTC कंपनी की खड़ी बस में लगी भीषण आग, लगभग 15 दिन पहले संकोसाई में भी हुई थी ऐसी ही घटना, साजिश की जताई गई आशंका…

जमशेदपुर के मानगो स्थित ओल्ड पुरुलिया रोड पर मदीना गार्डन के सामने देर रात करीब 2 बजे एक खड़ी बस में भीषण आग लगने की घटना सामने आई। मिली जानकारी के अनुसार,ल यह बस सीटीसी कंपनी की है जो कंपनी बंद होने के कारण लंबे समय से वहां खड़ी थी।

बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे बस मालिक को फोन कर सूचना दी गई कि उनकी बस में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे जहां उन्होंने देखा कि आग विकराल रूप धारण कर चुकी है और बस पूरी तरह उसकी चपेट में आ गई है।
घटना की जानकारी तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक बस को काफी नुकसान पहुंच चुका था।

आग लगने की इस घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं बस मालिक ने आशंका जताई है कि यह महज एक हादसा नहीं हो सकता। उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से सीटीसी कंपनी के वाहनों में लगातार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। लगभग 15 दिन पहले संकोसाई में भी कंपनी की दो बसों में आग लग गई थी।
बस मालिक का आरोप है कि लगातार पांच-छह ऐसी घटनाएं होना महज संयोग नहीं हो सकता। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि कोई व्यक्ति जानबूझकर इन घटनाओं को अंजाम दे रहा है।


