जमशेदपुर: आजादनगर में कार और पिकअप वैन की भिड़ंत, मुआवजे को लेकर सड़क पर हुआ विवाद

जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक डिजायर कार और पिकअप वैन के बीच सड़क दुर्घटना हो गई। यह हादसा होराइजन मॉल के सामने हुआ, जिसमें कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कार चालक अपनी गाड़ी को सर्विसिंग के लिए चेपापुल से पारडीह स्थित शोरूम ले जा रहा था। इसी दौरान उसके आगे चल रही पिकअप वैन अचानक मुड़ने लगी, जिसके बाद पीछे से आ रही कार उससे टकरा गई।
वहीं पिकअप वैन चालक का कहना है कि उसने पहले दिशा बदलने का संकेत दिया था और बाद में दूसरी ओर मुड़ने के लिए इंडिकेटर ऑन किया था। उसके मुताबिक, तभी पीछे से तेज़ी से आ रही कार ने वाहन को टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच नुकसान की भरपाई को लेकर सड़क पर काफी देर तक बहस और तनाव की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि कार को काफी नुकसान पहुंचा है।


