जमशेदपुर: कोवाली में महुआ चुनने गई वृद्ध महिला की हत्या, आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया

कोवाली थाना क्षेत्र के कुंदरुकोचा गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव की 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला बुसकी मुर्मू रोज की तरह जंगल के किनारे महुआ चुनने गई थीं। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला जंगल के पास महुआ बीन रही थीं, तभी आरोपी राम सरदार वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर उन पर लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल हुई महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। महिला की मौत से गांव में आक्रोश फैल गया। बताया जाता है कि भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और बाद में पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
सूचना मिलने पर कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। वहीं, ग्रामीणों की पिटाई से घायल आरोपी को भी पुलिस निगरानी में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी कुछ चर्चाएं सामने आई हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।


