जमशेदपुर: गुरु अर्जन देव जी के 401वें शहादत दिवस पर सोनारी में छबील का आयोजन

सिखों के पांचवें गुरु, गुरु अर्जन देव जी की 401वीं शहादत की स्मृति में सोनारी राम मंदिर चौक पर छबील का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन सोनारी गुरुद्वारा संस्थापक सदस्य समिति की देखरेख में हुआ, जिसमें स्थानीय सिख समाज और उनके परिवारों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान राहगीरों के बीच ठंडा शरबत और चना प्रसाद वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया गया।
गुरु अर्जन देव जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और समाजसेवी एवं अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने भी शामिल होकर संगत की सेवा की तथा गुरु साहिब के बलिदान को याद किया।
आयोजकों ने बताया कि छबील सेवा का उद्देश्य गुरु अर्जन देव जी के त्याग, सेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इस अवसर पर महिलाओं, बच्चों और क्षेत्र के कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम की शुरुआत अरदास के साथ हुई, जिसमें समस्त मानव जाति के कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की गई।
गुरु अर्जन देव जी के शहादत दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने सत्य, धर्म और मानवता की रक्षा के लिए असाधारण बलिदान दिया था। उनका जीवन आज भी लोगों को सेवा, सहनशीलता और समर्पण की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के अंत में संगत ने गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।


