जमशेदपुर : पूजा के दीये से लगी आग, सोनारी के घर में लाखों की संपत्ति जलकर राख

जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित कुंजनगर के अंबेडकर पथ, धोबी लाइन में शनिवार रात आग लगने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आग संतोष कुमार के मकान की चौथी मंजिल पर बने एक कमरे में लगी, जिससे घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे के आसपास घर के मंदिर में पूजा के लिए दीया जलाया गया था। परिजनों का मानना है कि दीये की लौ से पास में रखे सामान में आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरे कमरे में फैल गई। वहीं कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि आग की शुरुआत फ्रिज से हुई थी और बाद में उसने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की ऊंची लपटें और धुआं देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत शोर मचाकर पड़ोसियों को सतर्क किया और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस हादसे में टीवी, फर्नीचर, खिड़कियां समेत कई घरेलू सामान जलकर खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि घर के सभी सदस्य समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर पूजा के दौरान जलाए गए दीये से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।


