1000628245

Jamshedpur:- गोलमुरी में रंगदारी को लेकर 5 घंटे के भीतर दूसरी बार फायरिंग, इलाके में दहशत

खबर को शेयर करें
1000628245

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात अपराधियों ने दो अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। महज पांच घंटे के भीतर हुई इन दो घटनाओं में कुल पांच राउंड गोलियां चलाई गईं जिससे स्थानीय लोग भयभीत हैं।

जानकारी के अनुसार पहली घटना नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा के पीछे हुई जबकि दूसरी घटना देर रात करीब 12:56 बजे राज नामक व्यक्ति के घर के बाहर हुई। दूसरी वारदात में अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग की जिसमें एक गोली राज की थार गाड़ी में जा लगी।

पीड़ित राज ने बताया कि घटना से पहले उनके मोबाइल पर एक कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को “कुंडी” बताते हुए 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने यह भी कहा कि पैसे नहीं देने पर उनका भी वही हाल होगा जो कुछ महीने पहले कन्हैया यादव के साथ हुआ था।

सूत्रों के मुताबिक इस पूरे मामले में जेल में बंद अपराधी बिल्ला पाठक का नाम सामने आ रहा है। वहीं अमन शेखर, कुंडी और वीर सिंह पर वारदात को अंजाम देने का संदेह जताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन अपराधी घटनास्थल पर पहुंचे ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं से गोलमुरी क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।