कपाली फॉरेस्ट एरिया में मिला जला हुआ अज्ञात शव, लापता युवक मोहम्मद मुस्तकीम होने की आशंका…

सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली फॉरेस्ट एरिया में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब इलाके से एक जला हुआ अज्ञात शव बरामद किया गया। शव पूरी तरह से जल चुका था जिसके कारण उसकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मामले को 24 मई से लापता कपाली गौसनगर निवासी मोहम्मद मुस्तकीम से जोड़कर देखा जा रहा है। परिजनों का कहना है कि शव के हाथ में मिली अंगूठी बिल्कुल वैसी ही है जैसी मुस्तकीम पहना करते थे। वहीं शव की हाइट, शरीर की बनावट और वजन को देखकर भी परिवार वाले आशंका जता रहे हैं कि यह शव मुस्तकीम का हो सकता है।
घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार लगातार यही उम्मीद कर रहा है कि उनकी आशंका गलत साबित हो और मुस्तकीम सुरक्षित मिल जाए।
इसी बीच मामले में नया मोड़ तब आया जब शव मिलने वाली जगह से कुछ दूरी पर एक आधार कार्ड बरामद हुआ। हालांकि आधार कार्ड पर किसी दूसरे व्यक्ति का नाम लिखा हुआ है जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सभी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव आखिर किसका है और इस घटना के पीछे की सच्चाई क्या है।


