1000626683

Jamshedpur:- जुगसलाई फायरिंग कांड में पुलिस को बड़ी सफलता, मनीष सिंह गिरोह के दो और सदस्य गिरफ्तार…

खबर को शेयर करें
1000626683

जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित नगर परिषद बाजार में यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मनीष सिंह गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी सिंह उर्फ सन्नी सिंह सरदार और सागर उपाध्याय के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को पांच अपराधी मैरून रंग की वैगनआर कार से यूनिक कलेक्शन दुकान पहुंचे थे और रंगदारी नहीं देने तथा इलाके में अपना वर्चस्व कायम करने को लेकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। मामले में जुगसलाई थाना में कांड दर्ज कर पुलिस लगातार जांच कर रही थी।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में छापेमारी की गई जहां दोनों आरोपियों को पकड़कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने खुद को मनीष सिंह गिरोह का सदस्य बताया और घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। सन्नी सिंह के निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी पिस्टल और दो जिंदा गोलियां भी बरामद की हैं।

इससे पहले भी पुलिस इस मामले में अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलू, बानेश्वर नामता उर्फ मानस और अंकित खटिक उर्फ अंकित सोनकर समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल मैरून रंग की वैगनआर कार, चार देशी पिस्टल, खोखा, जिंदा गोलियां और अन्य सामान भी जब्त किए थे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले में अन्य अपराधियों की संलिप्तता को लेकर लगातार जांच और छापेमारी कर रही है।