टाटानगर स्टेशन पर ट्रैफिक जांच के दौरान घूस मांगने वाला एएसआई सस्पेंड, एसएसपी ने की बड़ी कार्रवाई

जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को ट्रैफिक जांच के दौरान एक शिक्षक से कथित अवैध वसूली के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। जुगसलाई ट्रैफिक थाना में पदस्थापित एएसआई जय कुमार दास को एसएसपी के निर्देश पर निलंबित कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि ट्रैफिक जांच के दौरान एक बाइक चालक शिक्षक को रोककर उससे 10 हजार रुपये की मांग की गई थी। आरोप है कि शिक्षक के सभी दस्तावेज सही होने के बावजूद उसे काफी देर तक रोके रखा गया और जुर्माने के नाम पर अवैध वसूली का दबाव बनाया गया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पोटका विधायक Sanjeev Sardar ने हस्तक्षेप किया और पूरे मामले की जांच की मांग की। आरोप है कि विधायक द्वारा फोन पर बात करने की कोशिश किए जाने पर भी एएसआई ने बात करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद विधायक खुद मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी और जवान वहां से जा चुके थे। मामले की सूचना विधायक ने ट्रैफिक डीएसपी श्रीनिरज को दी जिसके बाद जांच शुरू की गई।
जांच में आरोप सही पाए जाने पर सोमवार को विभागीय कार्रवाई करते हुए एएसआई जय कुमार दास को निलंबित कर दिया गया। ट्रैफिक डीएसपी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।

