गोविंदपुर में गहराया जल संकट: 48 घंटे से पानी बंद, 22 हजार परिवारों में हाहाकार…

जमशेदपुर के गोविंदपुर जलापूर्ति योजना क्षेत्र में पिछले 48 घंटे से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है। इस वजह से 21 पंचायतों के करीब 22 हजार परिवार गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कई घरों में पीने तक का पानी खत्म हो चुका है जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जलापूर्ति बाधित होने का कारण बिजली आपूर्ति में आई समस्या बताई जा रही है। हालांकि दो दिनों से पानी सप्लाई बहाल नहीं होने पर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन तकनीकी खराबी और बिजली कटौती का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से बच रहा है।
इस जल संकट का सबसे ज्यादा असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ा है। कई गांवों में लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हैं। मजबूरी में ग्रामीण निजी स्रोतों और दूर-दराज के हैंडपंपों से पानी लाने को मजबूर हैं जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
पानी की समस्या से नाराज ग्रामीण अब सड़क पर उतर आए हैं। कई जगहों पर लोगों ने हांडी-डेगची लेकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई जलापूर्ति योजनाएं जमीनी स्तर पर पूरी तरह फेल साबित हो रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि मामले की जानकारी मुख्यमंत्री को सोशल मीडिया के माध्यम से भी दी गई है लेकिन अब तक समस्या का कोई समाधान नहीं निकल पाया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द वैकल्पिक जलापूर्ति व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द पानी सप्लाई शुरू नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

