Jamshedpur: मानगो में बिजली व्यवस्था चरमराई, हर 5 मिनट में कट रही सप्लाई, व्यवस्था दुरुस्त करने की सौरभ विष्णु ने उठाई मांग…

जमशेदपुर के मानगो-डिमना क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली जाने, लो-वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर 5 मिनट पर बिजली कट रही है, जिससे दिन और रात दोनों समय भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर मानगो निवासी और जन विकास मंच के अध्यक्ष सौरभ विष्णु ने DVC और JBVNL की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मानगो की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और संबंधित विभाग स्थायी समाधान निकालने में विफल साबित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लगातार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है, जबकि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। रातभर बिजली बाधित रहने से लोगों की नींद भी पूरी नहीं हो पा रही है।
लो-वोल्टेज की वजह से कई घरों में पानी का मोटर भी नहीं चल पा रहा है, जिससे लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पीने और दैनिक उपयोग के लिए पानी नहीं मिलने से स्थिति और गंभीर हो गई है।
सौरभ विष्णु ने मांग की है कि DVC और JBVNL मिलकर तकनीकी खामियों को जल्द दूर करें और लोगों को राहत दें। उन्होंने कहा कि विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने के बजाय स्थायी समाधान निकाले।
साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मानगो स्थित JBVNL कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।


