Jamshedpur:- फेसबुक लाइव के जरिए विधायक सरयू राय पर लगाए गए गंभीर आरोपों के मामले में साइबर थाने में शिकायत दर्ज

जमशेदपुर में सोशल मीडिया के माध्यम से कथित आपत्तिजनक बयानबाजी का मामला सामने आया है। 21 अप्रैल 2026 को मानगो सहारा सिटी निवासी गोपाल यादव द्वारा फेसबुक लाइव के जरिए जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सरयू राय पर भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप लगाए जाने की शिकायत साइबर थाना बिष्टुपुर में की गई है। यह शिकायत जदयू युवा मोर्चा झारखंड के प्रदेश महासचिव पप्पू सिंह एवं पूर्वी सिंहभूम के अध्यक्ष नीरज सिंह द्वारा दी गई है।
दर्ज कराए गए आवेदन के अनुसार फेसबुक लाइव में लगाए गए आरोपों को झूठा, आधारहीन और मनगढ़ंत बताया गया है। शिकायत में कहा गया है कि इस तरह के आरोपों से जनप्रतिनिधि की छवि प्रभावित करने आम लोगों के बीच भ्रम फैलाने और शहर के माहौल को खराब करने की कोशिश की गई है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुआ जिससे सामाजिक सौहार्द पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। शिकायतकर्ताओं ने इसे गंभीर आपराधिक कृत्य बताते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही पुलिस से फेसबुक लाइव वीडियो के डिजिटल साक्ष्य को सुरक्षित करने और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।


