जमशेदपुर: मानगो आजाद नगर में समाजसेविका महजबी हसन खान ने शुरू कराया सफाई अभियान, जाम नालियों से मिली राहत…

जमशेदपुर के मानगो स्थित आजाद नगर में समाजसेविका महजबी हसन खान के नेतृत्व में साफ-सफाई अभियान की शुरुआत की गई। समाज के प्रति उनकी सक्रियता एक बार फिर देखने को मिली जहां उन्होंने जाम नालियों की समस्या को दूर कर स्थानीय लोगों को बड़ी राहत दिलाई।
महजबी हसन खान लंबे समय से समाजसेवा के कार्यों में जुटी हुई हैं। वह बच्चों की शिक्षा से लेकर वृद्धा पेंशन जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। इसके साथ ही महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण दिलाने का काम भी करती हैं।
इस अभियान के तहत आजाद नगर के रोड नंबर 09, 10ए, 10बी, 11 समेत कई क्रॉस रोड की नालियों की सफाई कराई गई जो काफी समय से जाम थीं। नालियों के जाम होने के कारण स्थानीय निवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सफाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और खुशी जताई।
इसके अलावा ईदगाह मैदान और आसपास के इलाकों में भी साफ-सफाई कराई गई। झरना रोड, रोड नंबर 11 के क्रॉस रोड और मदीना मस्जिद से जुड़े रास्तों पर झाड़ू लगवाकर ईद की नमाज के लिए क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया।
इस मौके पर महजबी हसन खान ने कहा कि वह आगे भी साफ-सफाई समेत अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर सक्रिय रहेंगी और लोगों के साथ खड़ी रहेंगी।


