भारत तीसरी बार बना टी-20 वर्ल्ड कप चैंपियन, फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया…

भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही भारत लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम भी बन गया। खास बात यह है कि पहली बार किसी मेजबान टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में रिकॉर्ड 255 रन बनाए।
भारत की ओर से संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली। वहीं ईशान किशन ने 54 रन और अभिषेक शर्मा ने 52 रन बनाए। अंत में शिवम दुबे ने सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन बनाकर टीम के स्कोर को और मजबूत कर दिया। न्यूजीलैंड की ओर से जिमी नीशम ने 3 विकेट लिए।
255 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के लिए टिम साइफर्ट ने 52 रन और कप्तान मिचेल सैंटनर ने 43 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर तक टिक नहीं सके। पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर ऑलआउट हो गई।
इस तरह भारत ने यह मुकाबला 96 रन से जीत लिया। रनों के लिहाज से यह टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी हार मानी जा रही है।

