Jamshedpur : टाटा स्टील से कॉपर केबल चोरी करते युवक पकड़ा गया, भेजा गया जेल…

Jamshedpur News:- जमशेदपुर के औद्योगिक क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में Tata Steel की सुरक्षा टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
सुरक्षा टीम ने संदेह के आधार पर जुगसलाई के गौरी शंकर रोड स्थित गरीब नवाज़ कॉलोनी निवासी मोहम्मद बाबू को रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 35 किलोग्राम इंसुलेटेड कॉपर केबल (तांबे का तार) बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बरामद कॉपर केबल कंपनी परिसर से चोरी किया गया था। इसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में तीन बार पकड़ा जा चुका है और उसे आदतन अपराधी माना जाता है।
सुरक्षा टीम ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बिष्टुपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
कंपनी प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि टाटा स्टील परिसर में चोरी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और ऐसे मामलों में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

