1000509584
|

Jharkhand: महिला दिवस पर रांची से चलेगी ‘वीमेंस स्पेशल’ ट्रेन, संचालन पूरी तरह महिला कर्मियों के हाथ में…

खबर को शेयर करें
1000509584

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को Indian Railways के Ranchi Rail Division द्वारा एक विशेष पहल की जा रही है। इस दिन रांची से चलने वाली एक मेमू पैसेंजर ट्रेन का संचालन पूरी तरह महिला कर्मियों द्वारा किया जाएगा।

यह ट्रेन रांची रेलवे स्टेशन से सुबह 8:55 बजे रवाना होगी और इसका परिचालन रांची से इरगांव के बीच किया जाएगा। ट्रेन की लोको पायलट महिला होंगी जबकि महिला गार्ड हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगी।

रेल प्रशासन के अनुसार इस विशेष ट्रेन में लगभग 15 महिला कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसमें महिला लोको पायलट, गार्ड और तीन महिला टीटीई के साथ रेलवे सुरक्षा बल की पांच महिला जवान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी। इसके अलावा चिकित्सा सेवा, सफाई व्यवस्था और समपार फाटक संचालन की जिम्मेदारी भी महिलाओं के पास होगी।

बताया गया है कि लोहरदगा पुल में दरार आने के कारण इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित है। पहले यह ट्रेन टोरी तक चलती थी लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल इसका परिचालन इरगांव तक ही सीमित रखा गया है।

इस विशेष पहल के तहत 8 मार्च को Ranchi Railway Station पर भी अधिकांश जिम्मेदारियां महिला कर्मियों द्वारा निभाई जाएंगी। स्टेशन प्रबंधन, बुकिंग काउंटर, यांत्रिक विभाग, चिकित्सा सेवा और सफाई व्यवस्था का संचालन भी महिलाओं के हाथ में रहेगा।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह पहल केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं बल्कि रेल संचालन जैसे तकनीकी और जिम्मेदार क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और क्षमता को दर्शाने का एक प्रयास है।