1000477959 2

Jamshedpur Nagar Nikay Election: RJD का ज़ेबा खान को समर्थन, नौशीन खान का तेज जनसंपर्क, प्रत्याशियों ने झोंकी पूरी ताकत…

खबर को शेयर करें
1000477959 2

नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर का सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। गुरुवार को जमशेदपुर में चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर रही जहां एक ओर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की समीक्षा हुई तो दूसरी ओर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों ने पूरे दमखम के साथ मैदान संभाल लिया।

सबसे अहम राजनीतिक घटनाक्रम मानगो नगर निगम से सामने आया जहां राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने मेयर प्रत्याशी ज़ेबा खान को अपना समर्थन देने की घोषणा की। गुरुवार सुबह मानगो में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में RJD नेता शंभू चौधरी ने कहा कि यदि वे चाहते तो अपनी पत्नी को चुनावी मैदान में उतार सकते थे लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया और एक योग्य व मजबूत प्रत्याशी के रूप में ज़ेबा खान को समर्थन देने का फैसला किया। इस दौरान उन्होंने इशारों-इशारों में बन्ना गुप्ता पर भी तंज कसा।

इसके बाद जुगसलाई नगर परिषद से चुनावी हलचल तेज नजर आई। जुगसलाई में हिदायतुल्लाह खान की धर्मपत्नी एवं अध्यक्ष प्रत्याशी नौशीन खान ने गुरुवार को विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया। इस अभियान में भारी संख्या में लोग शामिल हुए खासकर महिलाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को मजबूती दी।
मौके पर हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि उनकी पत्नी को जनता का भरपूर प्यार और समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह का सहयोग मिल रहा है उससे साफ है कि क्षेत्र की जनता बदलाव चाहती है। कुल मिलाकर नौशीन खान पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं और उनका जनसंपर्क अभियान लगातार रफ्तार पकड़ता जा रहा है।

जनसंपर्क की बात करें तो गुरुवार को पूरे शहर में प्रचार अभियान तेज नजर आया।
जहां एक ओर ज़ेबा खान का लगातार जनसंपर्क अभियान जारी है वहीं बन्ना गुप्ता भी अपनी पत्नी सुधा गुप्ता के लिए घर-घर जाकर प्रचार पत्र बांटते नजर आए। इसके अलावा मानगो नगर निगम क्षेत्र में प्रत्याशी ज़ेबा कादरी का चुनावी कार्यालय भी गुरुवार को उद्घाटित किया गया ।

इधर प्रशासनिक मोर्चे पर भी तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने नगर पालिका निर्वाचन के मद्देनज़र की जा रही तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने जुगसलाई प्रखंड परिसर स्थित एफसीआई गोदाम में मतदान दलों के लिए बनाए गए डिस्पैच और रिसिविंग काउंटर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने मतदान दलों की सुगम आवाजाही, सामग्री वितरण और प्राप्ति की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित व समयबद्ध रखने पर विशेष जोर दिया।

जुगसलाई नगर परिषद चुनाव को लेकर गुरुवार को अध्यक्ष प्रत्याशी रिंकू सिंह का खुला चुनावी कार्यालय उद्घाटित किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व विधायक मेनका सरदार और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए। नेताओं ने रिंकू सिंह को समर्थन देते हुए कहा कि जुगसलाई के विकास के लिए वे एक मजबूत और भरोसेमंद प्रत्याशी हैं। रिंकू सिंह ने भी सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि जनता का प्यार और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वे जुगसलाई को एक बेहतर नगर परिषद बनाने के लिए पूरी मेहनत से चुनाव लड़ेंगे।

कुल मिलाकर गुरुवार का दिन जमशेदपुर नगर निकाय चुनाव के लिहाज से बेहद अहम रहा।
एक ओर RJD के समर्थन से ज़ेबा खान की स्थिति मजबूत हुई दूसरी ओर नौशीन खान और अन्य प्रत्याशियों ने जनसंपर्क अभियान में पूरी ताकत झोंक दी। प्रशासन भी चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों में जुटा दिखा।
शहर की सियासत अब पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुकी है और आने वाले दिनों में मुकाबला और दिलचस्प होने वाला है।