1000477959 2

नगर निकाय चुनाव में दिनभर उथल-पुथल: बाबर खान का AIMIM से इस्तीफा..ज़ेबा कादरी ने ज्वाइन की पार्टी, ज़ेबा खान का बन्ना गुप्ता पर आरोप और सुधा गुप्ता के समर्थन में तेज हुआ बन्ना गुप्ता का जनसंपर्क अभियान

खबर को शेयर करें
1000477959 2

बुधवार को जमशेदपुर में नगर निकाय चुनाव को लेकर दिनभर सियासी हलचल बनी रही। सुबह से लेकर शाम तक अलग-अलग इलाकों में विरोध, इस्तीफा, प्रेस कॉन्फ्रेंस और जनसंपर्क अभियानों का दौर चलता रहा जिससे मानगो, जुगसलाई और आसपास के क्षेत्रों का चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया।

दिन की शुरुआत मानगो स्थित अलीशा गार्डन से हुई जहां AIMIM पार्टी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान यह घोषणा की गई कि मेयर प्रत्याशी ज़ेबा कादरी ने AIMIM पार्टी ज्वाइन कर ली है और अब वे पार्टी के समर्थन से चुनाव लड़ेंगी। इसी बीच बाबर खान ने AIMIM से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया। बाबर खान ने आरोप लगाया कि पार्टी में उनकी बातों को कोई महत्व नहीं दिया जाता और उनकी मौजूदगी से पहले ही प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू कर दी गई थी। इस घटनाक्रम के बाद अलीशा गार्डन के बाहर काफी देर तक हंगामा, नारेबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा।

उधर जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह के आवास पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन पहुंचे। उन्होंने रिंकू सिंह को विजयश्री का आशीर्वाद दिया और कहा कि रिंकू सिंह भारी बहुमत से चुनाव जीतेंगी।

वहीं जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में नौशीन खान हिदायतुल्ला खान के नेतृत्व में जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान नौशीन खान ने कहा कि जनता जिस प्यार और समर्थन से उन्हें आशीर्वाद दे रही है वह अध्यक्ष बनकर कई गुना लौटाने का काम करेंगी।

इधर मानगो नगर निगम चुनाव में एनडीए समर्थित मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह ने संजय पथ, लक्ष्मण नगर और सुभाष कॉलोनी (मानगो) में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और स्वच्छता, पेयजल, सड़क, नाली और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया। संध्या सिंह ने कहा कि एनडीए का लक्ष्य मानगो नगर निगम को भ्रष्टाचार मुक्त, स्वच्छ और विकसित बनाना है।

इसी क्रम में मेयर प्रत्याशी ज़ेबा खान ने जवाहरनगर इलाके में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और समर्थन मांगा। इस दौरान समर्थकों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया और नारे भी लगाए। जनसंपर्क के दौरान ज़ेबा खान ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर अपनी पत्नी को चुनाव लड़वाने को लेकर एक बार फिर आरोप लगाए।

वहीं बुधवार को आज़ादनगर रोड नंबर-1 और आसपास के इलाकों में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने घर-घर जाकर जनसंपर्क किया और अपनी पत्नी व मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता के पक्ष में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि सुधा गुप्ता मेयर बनती हैं तो मानगो में फायर स्टेशन की स्थापना और बच्चों के लिए लाइब्रेरी खोलने जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

चुनाव प्रचार के अंतिम चरणों में प्रत्याशी डॉ. विनीता सहाय ने आज़ादनगर और डिमना रोड स्थित विभिन्न इलाकों में सघन जनसंपर्क किया। उन्होंने डिमना बस्ती और मधुसूदन अपार्टमेंट में समर्थकों के साथ घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद किया और अपने पक्ष में वोट देने की अपील की।

इसके अलावा वार्ड संख्या 29 से पार्षद प्रत्याशी आयशा खान ने मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-15 में अपने चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया।

वहीं नगर निगम चुनाव को लेकर मेयर और अध्यक्ष प्रत्याशियों के साथ-साथ पार्षद प्रत्याशी भी अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। हर गली-मोहल्ले में प्रत्याशी जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं और विकास, साफ-सफाई, सड़क, नाली और सुरक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं।

पूरे दिन चले इन तमाम घटनाक्रमों से यह साफ हो गया है कि जमशेदपुर में नगर निकाय चुनाव अब निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। सुबह विरोध और इस्तीफे से शुरू हुआ दिन शाम तक तेज जनसंपर्क अभियानों में तब्दील हो गया और सियासी सरगर्मी चरम पर बनी रही।