नगर निकाय चुनाव को लेकर जमशेदपुर में गली-गली सियासत, मानगो में बन्ना गुप्ता तो जुगसलाई में हिदायतुल्ला खान का जनसंपर्क, मानगो से जुगसलाई तक प्रचार की गूंज

जमशेदपुर में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को मानगो और जुगसलाई में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का ताबड़तोड़ जनसंपर्क अभियान देखने को मिला।
मंगलवार की सुबह नगर निकाय चुनाव के तहत मेयर प्रत्याशियों के समर्थन में उनके पति भी मैदान में उतरते नजर आए। मानगो की गलियों में बन्ना गुप्ता जनसंपर्क करते दिखाई दिए वहीं जुगसलाई की गलियों में हिदायतुल्लाह खान अपनी पत्नी के पक्ष में वोट मांगते हुए नजर आए।
इधर जेबा कादरी, कुमकुम श्रीवास्तव, डॉ विनीता सहाय और संध्या सिंह ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया। बड़ी संख्या में समर्थक उनके साथ नजर आए जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह से जीवंत दिखाई दिया। वहीं संध्या सिंह के समर्थन में लगातार पप्पू सिंह भी सक्रिय रूप से मैदान में दिखाई दे रहे हैं।
जुगसलाई क्षेत्र में हिदायतुल्ला खान ने जनसंपर्क अभियान चलाया जहां नौशीन खान को बुजुर्गों का आशीर्वाद मिला और युवाओं का समर्थन भी देखने को मिला।
कई पार्षद प्रत्याशियों ने छोटे-छोटे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने चुनावी एजेंडे जनता के सामने रखे।
वार्ड नंबर 26 से पार्षद प्रत्याशी सिराज शरीफ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना मेनिफेस्टो जारी किया। उन्होंने बताया कि उनका चुनाव चिह्न ‘डबल रोटी’ है और उनका क्रम संख्या 7 है।
कुल मिलाकर जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है वैसे-वैसे जमशेदपुर में चुनावी सरगर्मी और तेज होती जा रही है। गली-गली जनसंपर्क, नेताओं की मौजूदगी और वादों की झड़ी ने माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया है। आने वाले दिनों में और कौन मैदान में उतरता है कौन क्या रणनीति अपनाता है और जनता किसे अपना समर्थन देती है यह देखना बेहद दिलचस्प होगा।


